बेतिया,22मार्च (वार्ता) बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के नवलपुर थाना क्षेत्र में जनसुराज के नेता और यूट्यूबर मनीष कश्यप सहित सात लोगों के ऊपर रंगदारी मांगने का मामला दर्ज हुआ है।
श्री कश्यप और अन्य पर आरोप है कि उन्होंने ठेकेदार त्रिभुवन नारायण सिंह के भतीजे संजीत कुमार सिंह के साथ मारपीट और 10 लाख रंगदारी की मांग की।
ठेकेदार के अनुसार मनीष कश्यप ने 10 लाख रुपये चंदे की मांग की थी। मना करने पर 16 मार्च को मनीष कश्यप अपने साथियों के साथ चमैनिया पुल निर्माण स्थल पर पहुंचे और अनियमितता का आरोप लगाकर गाली-गलौज की तथा काम बंद कराने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि 20 मार्च को संजीत कुमार सिंह नवलपुर बाजार में पुल निर्माण सामग्री खरीदने पहुंचे थे, जहां रमेश यादव, संतोष कुमार गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, बिट्टू प्रसाद, विशाल गुप्ता, अनिल यादव आदि ने उन पर हमला किया।
इस मामले में थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित