बेतिया , मई 17 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के मनुआपुल थाना क्षेत्र में जमीन कब्जा करने की साजिश के तहत किसान के घर गोलीबारी मामले में पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा और दो मोबाइल फोन बरामद किया है।

प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अतनु दत्ता ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में बेतिया नगर थाना क्षेत्र के इंदिरा चौक निवासी मोहम्मद रवि उर्फ रवि आलम, इलाराम चौक निवासी राजा कुमार तथा योगापट्टी थाना क्षेत्र के महावीरपुर वार्ड संख्या-13 निवासी धीरज कुमार शुक्ला शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार रवि आलम के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है और उस मामले में पुलिस आरोप पत्र समर्पित कर चुकी है।

श्री दत्ता ने बताया कि 16 मई की सुबह करीब 5:20 बजे बाइक सवार तीन अपराधियों ने गुरवलिया गांव निवासी किसान लव कुमार मिश्र के घर पर पहुंचकर कई राउंड फायरिंग की थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर छह सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

एसआईटी ने घटनास्थल का निरीक्षण, स्थानीय लोगों से पूछताछ तथा तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है।

पुलिस जांच के दौरान मालूम हुआ कि फायरिंग की घटना जमीन विवाद से जुड़ी हुई है। पुलिस के अनुसार लव कुमार मिश्र के दादा ने वर्ष 1951 में गुरवलिया मुख्य सड़क के किनारे 16.5 कट्ठा जमीन खरीदी थी। आरोप है कि अभियुक्त पक्ष ने वर्ष 2024 में उक्त जमीन में सात कट्ठा जमीन विक्रेता की पोती को मामूली कीमत देकर खरीद ली और उस पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा था। कब्जा नहीं मिलने पर अभियुक्तों ने लव कुमार मिश्र को डराने के उद्देश्य से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। छापेमारी दल में प्रभारी अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सह यातायात डीएसपी अतनु दत्ता, इंस्पेक्टर राजेश कुमार, इंस्पेक्टर अतुल राज, तकनीकी शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह, नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार सहित पुलिस बल ने भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित