लुधियाना , नवंबर 1 -- पश्चिमी कमान के तत्वावधान में वज्र कोर ने रविवार को लुधियाना के ढोलेवाल सैन्य परिसर में पंजाब राज्य पूर्व सैनिक रैली आयोजित की। 'संपर्क, संजीवनी, रोजगार और सहूलियत' विषय पर आयोजित इस रैली में पंजाब भर से पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, वीर माताओं और उनके परिवारों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य उन्हें विभिन्न कल्याणकारी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था। पश्चिमी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विशिष्ट सेवाओं के लिए पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया और वीर नारियों तथा उनके परिजनों से बातचीत की।
इस अवसर पर सेना कमांडर ने पूर्व सैनिकों के प्रति सेना की आजीवन प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने पंजाब की गौरवशाली सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पश्चिमी कमान का राज्य और यहां के लोगों के साथ गहरा संबंध है। पूर्व सैनिकों को देश की विरासत के संरक्षक और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार बताते हुए उन्होंने कहा कि वर्दी उतारने के बाद भी उनका अनुशासन, ईमानदारी और सेवा भावना समाज का मार्गदर्शन करती है। उन्होंने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान और वीर नारियों तथा उनके परिवारों को निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया।
लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह ने पंजाब के युवाओं से नशे से दूर रहने और अनुशासन, शारीरिक फिटनेस तथा राष्ट्रसेवा को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील भी की।
रैली में पूर्व सैनिकों की विभिन्न जरूरतों को पूरा करने के लिए चार विशेष सेवा शिविर लगाए गए। संपर्क शिविर में पेंशन, दस्तावेजों और अन्य अधिकारों से जुड़े मामलों के लिए सेना के रिकॉर्ड कार्यालयों, जिला सैनिक बोर्डों और सेना कल्याण नियुक्ति संगठन ने सहायता दी। संजीवनी शिविर में सैन्य अस्पतालों और नागरिक स्वास्थ्य संस्थानों की टीमों ने विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच, दवाइयां और भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) से संबंधित सहायता उपलब्ध कराई।
रोजगार शिविर में पूर्व सैनिकों को दूसरे करियर, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन दिया गया। इसमें उद्योगों, लघु एवं मध्यम उद्यमों और पुनर्वास एजेंसियों ने सहयोग किया। वहीं, सहूलियत शिविर में नागरिक प्रशासन, पुलिस, बैंकों और आधार एजेंसियों ने विभिन्न सेवाओं से संबंधित सहायता प्रदान की।
रैली में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सेना की ओर से कहा गया कि पश्चिमी कमान पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सैन्य परिवारों को सम्मान, गरिमा और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित