ग्रेटर नोएडा , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला क्षेत्र ग्रेटर नोएडा सूरजपुर स्थित दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन की आम सभा आयोजित की गई। बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय पीठ की स्थापना को लेकर लंबे समय से चल रहे अधिवक्ता आंदोलन तथा लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए पुलिस लाठीचार्ज को लेकर तीव्र रोष व्यक्त किया गया।

बुधवार को आयोजित सभा का आयोजन बार अध्यक्ष मनोज भाटी एडवोकेट की अध्यक्षता में हुआ तथा सभा का संचालन सचिव शोभाराम चन्दीला एडवोकेट द्वारा किया गया।

सभा की जानकारी साझा करते हुये बार अध्यक्ष भाटी ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय पीठ की स्थापना की मांग को लेकर केंद्रीय संघर्ष समिति के नेतृत्व में पिछले लगभग 40 वर्षों से आंदोलन चल रहा है। वहीं अधिवक्ताओं ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करोड़ों वादकारियों की सुविधा और न्याय तक आसान पहुंच के लिए उच्च न्यायालय पीठ की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में लखनऊ में अधिवक्ताओं के आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए कथित अवमानवीय लाठीचार्ज की घोर निंदा की गई। अधिवक्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस घटना के विरोध में समस्त अधिवक्तागण प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित करेंगे। ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कई प्रमुख मांगें उठाईं। जिसका जिक्र करते हुए उन्होंने बताया,पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय पीठ की स्थापना की जाए।

लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। लाठीचार्ज में घायल एवं अस्पताल में भर्ती अधिवक्ताओं को सरकार द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की जाए और जिन अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े गए हैं उन्हें प्रशासन द्वारा नए चैंबर उपलब्ध कराए जाएं।

अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि उक्त मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लेकर आंदोलन के प्रति एकजुटता दिखाई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय पीठ की स्थापना तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित