ऋषिकेश , जून 19 -- उत्तराखंड में देहरादून के ऋषिकेश में गंगा नदी में डूबे लापता व्यक्तियों की तलाश में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) द्वारा चलाया जा रहा खोज अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के दौरान शुक्रवार को पशुलोक बैराज के चैनल से तीन शव बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार शवों की पहचान परिजनों द्वारा कर ली गई है, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसडीआरएफ के अनुसार गंगा नदी में पूर्व में हुई अलग-अलग घटनाओं में डूबे लोगों की तलाश के लिए विशेषज्ञ डीप डाइवर्स एवं आधुनिक उपकरणों की सहायता से सघन खोज अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान टीम को पशुलोक बैराज के चैनल में तीन शव दिखाई दिए। इसके बाद एसडीआरएफ जवानों ने बैराज की चैन मशीन की मदद से सावधानीपूर्वक तीनों शवों को बाहर निकाला।

शिनाख्त के दौरान एक शव की पहचान मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी 30 वर्षीय शैलेंद्र महावर के रूप में हुई, जो लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के फूलचट्टी के समीप गंगा नदी में डूब गए थे। दूसरे शव की पहचान गौतमबुद्ध नगर जिला के बिसरख जलालपुर निवासी 20 वर्षीय शौर्य नागर के रूप में हुई, जो मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित साईं घाट पर गंगा में बह गया था। तीसरे शव की पहचान दिल्ली के जय विहार, नांगली, उत्तम नगर निवासी मनीष आर्य के रूप में हुई, जो ऋषिकेश के चंद्रेश्वर घाट पर डूबे दंपति में से लापता थे।

एसडीआरएफ ने शवों को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित