सतना , सितंबर 19 -- मध्यप्रदेश के सतना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पशुपति नाथ मंदिर के निकट एक अर्धनिर्मित भवन मे एक वृद्ध का रक्तरंजित शव मिलने से आसपास अफरा-तफरी मच गयी है।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 65 वर्षीय रमाशंकर गर्ग के रूप में हुई है जो मूलतः उत्तर प्रदेश के मानिकपुर जिले के रहने वाले थे। वह पशुपतिनाथ के निकट अपने अर्धनिर्मित भवन में अकेले रहते थे।
पड़ोसियों ने बताया कि पिछले तीन चार दिनों से उनके घर का दरवाजा बंद था । अंदर से बदबू आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
शुक्रवार शाम मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा खोल कर देखा तो रमाशंकर गर्ग मृत अवस्था में पडे थे। शव तीन चार दिनों पुराना प्रतीत हो रहा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित