नयी दिल्ली , अगस्त 05 -- सार्वजनिक क्षेत्र की हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाता कंपनी पवन हंस लिमिटेड ने बुधवार को नॉर्वे की नोएमी एयरोस्पेस (अलफ्लाई) के साथ अगली पीढ़ी की हरित विमानन प्रौद्योगिकियों, विशेष रूप से इलेक्ट्रिक सीप्लेन समाधानों में सहयोग की संभावनाओं का पता लगाने के लिए एक गैर-बाध्यकारी समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये।

इस अवसर पर नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू तथा नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा भी उपस्थित थे।

समझौते पर पवन हंस के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सुनील कुमार नागदावने तथा नोएमी एयरोस्पेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एरिक फ्रांस्वा लिथुन ने हस्ताक्षर किये।

प्रस्तावित सहयोग का उद्देश्य इलेक्ट्रिक सीप्लेन प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण, तकनीकी ज्ञान का आदान-प्रदान तथा कार्यशालाओं का आयोजन और व्यवहार्यता अध्ययन है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित