मुंबई , जुलाई 04 -- अभिनेत्री निहारिका रायज़ादा ने भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के साथ सुपरहिट गीत 'लहंगा से महंगा' में काम करने के अपने अनुभव को यादगार बताते हुए कहा है कि सिनेमा की कोई भाषा नहीं होती, केवल कलाकार का जुनून और समर्पण मायने रखता है।निहारिका ने कहा कि बॉलीवुड और भोजपुरी जैसी अलग-अलग फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों का साथ आना भारतीय सिनेमा को और मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि पवन सिंह भोजपुरी सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में से एक हैं और उनके लोकप्रिय गीत 'लहंगा से महंगा' का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि किसी कलाकार को भाषा या किसी एक इंडस्ट्री की सीमाओं में नहीं बांधा जाना चाहिए, क्योंकि अच्छी प्रस्तुति हर जगह सराही जाती है। उनके अनुसार, हर क्षेत्रीय फिल्म उद्योग की अपनी अलग पहचान, संस्कृति और दर्शक होते हैं। बॉलीवुड की पहुंच वैश्विक है, जबकि भोजपुरी सिनेमा का दर्शक वर्ग बेहद वफादार और भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है।
निहारिका ने कहा कि पवन सिंह के साथ काम करते हुए उन्हें भोजपुरी सिनेमा की ऊर्जा, जुनून और दर्शकों के प्रेम को करीब से महसूस करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग भारतीय फिल्म उद्योग की विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों के बीच रचनात्मक सेतु का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि 'लहंगा से महंगा' में उन्होंने अपनी अलग स्क्रीन प्रेजेंस और शैली को बरकरार रखते हुए उस रंग और स्वाद का सम्मान किया, जिसने इस गीत को बड़ी सफलता दिलाई।
निहारिका ने कहा कि यह उनके लिए केवल एक डांस नंबर नहीं, बल्कि बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म उद्योग के खूबसूरत मिलन का उत्सव था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित