मुंबई , अगस्त 28 -- ोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जियो मेरी जान' का टीजर रक्षाबंधन के अवसर पर रिलीज कर दिया गया है। जे पी स्टार पिक्चर्स भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी करीब एक मिनट 13 सेकेंड के टीजर में पवन सिंह दमदार और एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। फिल्म दशहरा के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

टीजर में पवन सिंह के खतरनाक एक्शन और रोमांचक अंदाज की झलक देखने को मिल रही है। टीजर रिलीज होने के साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

फिल्म के निर्माता उमा शंकर प्रसाद और सह-निर्माता आयुष राज गुप्ता हैं, जबकि निर्देशन अनंजय रघुराज ने किया है। निर्माता उमा शंकर प्रसाद ने कहा कि 'जियो मेरी जान' दर्शकों के मनोरंजन को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। रक्षाबंधन के अवसर पर टीजर जारी करना टीम के लिए खास पल है। उन्होंने कहा कि टीजर में फिल्म की कहानी, पवन सिंह के दमदार अंदाज और मनोरंजन के विभिन्न रंगों की झलक दिखाई गई है। उन्हें उम्मीद है कि दशहरा पर रिलीज होने वाली यह फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी।

पवन सिंह ने कहा कि दर्शकों के प्यार और आशीर्वाद से वह एक बार फिर नए एक्शन धमाके के साथ 'जियो मेरी जान' लेकर आ रहे हैं। फिल्म में मनोरंजन, एक्शन और रोमांच का भरपूर तड़का देखने को मिलेगा। उन्होंने दर्शकों से फिल्म को सिनेमाघरों में देखने की अपील करते हुए कहा कि टीजर में जितना उत्साह नजर आ रहा है, फिल्म में उससे कहीं अधिक मनोरंजन और रोमांच देखने को मिलेगा।

फिल्म में पवन सिंह के साथ रुपाली जाधव और सपना चौहान मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा संजय वर्मा, विनीत विशाल, साहिल सिद्दीकी, कुणाल सिंह, स्वर्गीय ब्रजेश त्रिपाठी, जफर खान, संजीव मिश्रा, धामा वर्मा, रवि तिवारी और सुजीत भट्ट सहित कई कलाकार नजर आएंगे।

फिल्म की कहानी राकेश त्रिपाठी ने लिखी है। डीओपी देवेंद्र तिवारी हैं। संगीत रजनीश मिश्रा, प्रियांशु सिंह और छोटू रावत ने दिया है, जबकि गीत विनय बिहारी, आशुतोष तिवारी और अरुण बिहारी ने लिखे हैं। संपादन संतोष हरावड़े ने किया है। प्रोमो विकास पवार, कोरियोग्राफी रिक्की गुप्ता, एमके गुप्ता (जॉय) और सोनू सिंह ने की है। एक्शन दिलीप यादव और रौशन ने तैयार किया है। आर्ट डायरेक्टर संजय कुमार, एसोसिएट डायरेक्टर रवि तिवारी और प्रोडक्शन बिपिन कुमार हैं। प्रोडक्शन एवं अकाउंट्स की जिम्मेदारी कृष्णा यादव ने संभाली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित