मुंबई , अक्टूबर 18 -- भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह तथा फिल्म निर्माता रत्नाकर कुमार के देवीगीत 'माई के आरती' ने यूट्यूब पर 139 मिलियन व्यूज से अधिक व्यूज हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया है।वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के भोजपुरी आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज इस देवीगीत को दर्शकों का लगातार प्यार मिल रहा है। पवन सिंह की आवाज में सजे इस गीत की लोकप्रियता नवरात्रि के अवसर पर भी बरकरार है। निर्माता रत्नाकर कुमार और पवन सिंह की जोड़ी ने इस गीत के जरिए भोजपुरी संगीत जगत में खास पहचान बनाई है।

वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स प्रस्तुत इस देवीगीत के निर्माता रत्नाकर कुमार हैं। इसके गीतकार आजाद सिंह और श्याम देहाती हैं, जबकि संगीत श्याम-आजाद ने दिया है। राकेश शर्मा रिकॉर्डिस्ट, शिशिर पांडे प्रोग्रामिंग, एसके सोनी छायांकन और संजय कोरबे वीडियो निर्देशक हैं। प्रोडक्शन मैनेजर राजू निषाद हैं।

गीत की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए रत्नाकर कुमार ने दर्शकों, संगीत प्रेमियों और प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पवन सिंह की आवाज में मां सरस्वती का वास है और उनके गीत सीधे श्रोताओं के दिलों तक पहुंचते हैं। उन्होंने इस देवीगीत को रिकॉर्डतोड़ प्यार देने के लिए सभी का धन्यवाद किया और उम्मीद जताई कि दर्शकों का स्नेह आगे भी मिलता रहेगा।

वहीं, पवन सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय माता रानी की कृपा और श्रोताओं के प्यार को देते हुए प्रशंसकों तथा श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि दर्शकों के स्नेह और आशीर्वाद से ही यह गीत इतनी बड़ी सफलता हासिल कर सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित