जयपुर, 21 अक्टूबर ।(वार्ता) राजस्थान में आईजीपीआरएस महानिदेशक नीरज के. पवन ने बुधवार को राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का अवलोकन किया।

इस दौरान श्री पवन ने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, प्राप्त शिकायतों के निस्तारण तथा राजस्थान संपर्क एआई के माध्यम से शिकायतों के विश्लेषण की प्रक्रिया की जानकारी ली।

उन्होंने राजस्थान संपर्क एआई की सराहना करते हुए इसे उपयोगी एवं प्रभावी पहल बताया। उन्होंने एआई के माध्यम से शिकायतों के गहन विश्लेषण की प्रक्रिया को समझा। इस दौरान उन्हें बताया गया कि जिला एवं विभागवार विश्लेषण के जरिए यह पता लगाया जा सकता है कि किस जिले में किन विभागों से संबंधित किस प्रकार की शिकायतें अधिक प्राप्त हो रही हैं। साथ ही, शिकायतों के रुझानों और बार-बार सामने आने वाली समस्याओं की भी पहचान की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान संपर्क एआई के प्रभावी उपयोग से विभाग शिकायतों की प्रकृति एवं प्रवृत्तियों का आकलन कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक त्वरित और व्यवस्थित बना सकते हैं। इससे शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता एवं परिवादियों की संतुष्टि बढ़ाने के साथ ही सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर विभागीय अधिकारी एवं राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 के अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित