हैदराबाद , जून 02 -- तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण पर हमला बोला और उनसे राज्य और उसके आंदोलन के बारे में अपनी टिप्पणियों के लिए तेलंगाना के लोगों से माफी मांगने की मांग की।
श्री पोन्नम ने गांधी भवन में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि तेलंगाना उसके चार करोड़ लोगों से बना है लेकिन किसी को भी राज्य पर 'वर्चस्व' की भावना से बात नहीं करनी चाहिए। उन्होंने पवन कल्याण पर अतीत में तेलंगाना आंदोलन का अपमान करने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि क्या उन्होंने कभी तेलंगाना के शहीदों या राज्य के दर्जे के लिए हुए संघर्ष का समर्थन किया था।
मंत्री ने तेलंगाना और हैदराबाद के संबंध में श्री पवन कल्याण की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि तेलंगाना भारत का एक अभिन्न अंग है और दोनों तेलुगुभाषी राज्यों के लोग एक दूसरे के यहां स्वतंत्र रूप से आवाजाही करते हैं।
श्री पोन्नम ने दिवंगत लोकगायक गदर के बारे में श्री पवन कल्याण की टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई और जन सेना प्रमुख से तुरंत माफी मांगने की मांग की। उन्होंने पवन कल्याण के द्वारा प्रस्तावित 'नव निर्माण सभा' के माध्यम से तेलंगाना स्थापना दिवस पर अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश का आरोप लगाया।
मंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पर पवन कल्याण का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि तेलंगाना आंध्र प्रदेश के लोगों का स्वागत करता है लेकिन तेलंगाना की गरिमा और आत्म-सम्मान को कमजोर करने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार दोनों तेलुगु राज्यों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए हुए है और मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित