रांची , अप्रैल 17 -- झारखंड के पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन नाबालिगों की मौत हो गई।
गहर पथरा मोड़ के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोपेड सवार तीन किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदय विदारक घटना से शोले गांव में मातम पसर गया है। मृतकों की पहचान शोले गांव निवासी 12 वर्षीय फिरोज अंसारी उर्फ बुटन, 15 वर्षीय तौहीद अंसारी और 13 वर्षीय इबरार अंसारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, फिरोज और इबरार चचेरे भाई थे, जबकि तौहीद उनका पड़ोसी था। तीनों किशोर गुरुवार रात एक ही मोपेड पर सवार होकर बाजार से सब्जी लेने निकले थे। तभी गहर पथरा मोड़ के पास सामने से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि तीनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया। चिकित्सकों ने फिरोज और तौहीद को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल इबरार को बेहतर उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन देर रात उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक और गाड़ी में सवार अन्य लोग वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पाटन थाना पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर स्कॉर्पियो और मोपेड को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो मेदिनीनगर के बैरिया चौक की बताई जा रही है। पुलिस वाहन मालिक की पहचान कर आरोपितों की तलाश में जुटी है। फिलहाल, तीनों शवों का आज पोस्टमॉर्टम एमएमसीएच में कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित