मेदिनीनगर , अगस्त 04 -- झारखंड के पलामू जिले में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों (फोर्थ ग्रेड) की बहाली लिखित परीक्षा के आधार पर कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

आंदोलन की अगुवाई कर रहे छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला ने बताया कि चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की नियुक्ति मैट्रिक के अंकों के आधार पर न कराकर लिखित परीक्षा के आधार पर कराई जाए और परीक्षा का सिलेबस व तिथि जल्द घोषित की जाए। उन्होंने कहा कि छात्र हित में यह फैसला लेना बेहद जरूरी है।

सत्यनारायण ने कहा कि अपनी इस जायज मांग को लेकर वे पिछले 16 महीनों से प्रयासरत हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, कार्मिक सचिव तथा वित्त मंत्री समेत तमाम उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

उन्होंने कहा कि रांची और दिल्ली का रुख करने के बजाय अब पलामू को ही जंतर-मंतर बनाकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की गई है। जब तक लिखित परीक्षा से बहाली की मांग पूरी नहीं होती, तब तक यह अनशन जारी रहेगा। इस मौके पर अनूप पासवान, सोनू सागर समेत कई अन्य अभ्यर्थी व सहयोगी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित