रांची , फरवरी 28 -- झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी को इंटर की परीक्षा दिलाने ससुराल आए 24 वर्षीय युवक योगेंद्र सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
शनिवार दोपहर कोयल नदी के किनारे झाड़ियों से युवक का निर्वस्त्र शव बरामद किया गया है। मृतक योगेंद्र सिंह, नावाबाजार थाना क्षेत्र के करचा गांव निवासी कृष्णा सिंह का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, योगेंद्र शुक्रवार को अपनी पत्नी और बच्चे के साथ चैनपुर के चेड़ाबार स्थित अपने ससुराल आया था। उसकी पत्नी की इंटर की परीक्षा थी। शुक्रवार रात वह घर से बाहर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार दोपहर ग्रामीणों ने चेड़ाबार-सिंगरा मुख्य मार्ग के पास कोयल नदी में एक शव देखा, जिसकी पहचान योगेंद्र के रूप में हुई।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया है।
थाना प्रभारी श्री शर्मा ने बताया कि शव के गले पर गला दबाने के निशान पाए गए हैं। प्राथमिक जांच के अनुसार, युवक के साथ मारपीट की गई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
योगेंद्र की शादी दो साल पहले हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार और ससुराल पक्ष में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है ताकि हत्या के कारणों और दोषियों का पता लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित