मेदीनीगर , जून 25 -- झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई में गुरुवार दोपहर पंजाब नेशनल बैंक के एक प्रज्ञा केंद्र में लूटपाट की घटना हुई।
दो मिनट के भीतर एक लाख रूपए नगद लूटकर अपराधी फरार हो गए। लुटेरों की संख्या दो थी। घटना को अंजाम देकर दोनों लुटेरे डालटनगंज की ओर भाग निकले। उन्होंने चेहरे को ढकने के लिए गमछा ओढ रखा था। घटना प्रज्ञा केन्द्र के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। पुलिस इसके आधार पर छानबीन में जुटी है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मेदिनीनगर-पांकी मुख्य मार्ग पर तेतराई स्थित पंजाब नेशनल बैंक के प्रज्ञा केंद्र में दोपहर करीब 12.20 बजे एक युवक पहुंचा एवं खाता खोलने की जानकारी ली। इसी बीच अचानक दूसरा युवक पहुंचा एवं प्रज्ञा केन्द्र संचालक रविन्द्र कुमार पर पिस्तौल तान दी। पहले से मौजूद युवक को नगद राशि लूटने को कहा। युवक प्रज्ञा केन्द्र के अंदर घुसा एवं नगद राशि करीब एक लाख रूपए लेकर फरार हो गया।
संचालक ने तत्काल 112 डायल कर घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची एवं सीसीटीवी का फुटेज देखकर छानबीन शुरू की। इस संबंध में सीएसपी संचालक रविन्द्र कुमार ने मामला दर्ज कराया है। रविन्द्र ने बताया कि वह अपने घर में ही पिछले चार साल से प्रज्ञा केन्द्र चला रहा था। ग्राहकों की हमेशा भीड़ रहती थी। अचानक ग्राहक कम हुए एवं घटना को अंजाम दिया गया। उम्मीद नहीं की थी कि ऐसी घटना हो जाएगी। मात्र दो मिनट के भीतर अपराधियों ने नगद राशि लूट ली। अपराधियों द्वारा पिस्तौल ताने जाने के बाद वह काफी घबरा गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित