जयपुर , सितंबर 04 -- उत्तर-पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर एवं सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और जयपुर मंडल के पलसाना रेलवे स्टेशन पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली शुरू की गयी हैं।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के अनुसार यात्री सुविधाओं में विस्तार से शेखावाटी क्षेत्र और सीकर जिले स्थित प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर के लिए आवागमन करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
इस प्रणाली के तहत स्टेशन पर ट्रेन इंडिकेशन डिस्प्ले सिस्टम, कोच गाइडेंस बोर्ड एवं डिजिटल क्लॉक जैसी आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से यात्रियों को ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान, प्लेटफॉर्म एवं कोच की स्थिति सहित आवश्यक जानकारी आसानी से एवं स्पष्ट रूप से प्राप्त हो सकेगी।
एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली के शुरू होने से पलसाना स्टेशन पर यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, व्यवस्थित एवं बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित