तिरुवनंतपुरम , अक्टूबर 02 -- केरल के पलक्कड़ में तीन अक्टूबर को 'समग्र 2026' कार्यक्रम के दूसरे संस्करण के तहत लगभग 10,000 लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जाएगा।

यह पहल केरल राज्य पिछड़ा वर्ग विकास निगम (केएसबीसीडीसी) का एक प्रमुख आउटरीच कार्यक्रम हैयह कार्यक्रम पिछड़ा वर्ग विकास विभाग के सौ दिवसीय कार्य कार्यक्रम के समापन का भी प्रतीक है, जिसके तहत विभाग ने अपने सभी परियोजनाओं में शत-प्रतिशत प्रगति हासिल की है। इस आयोजन का एक बड़ा आकर्षण 'प्रियदर्शिनी' ब्याज मुक्त ऋण योजना के वितरण और वरिष्ठ नागरिकों के लिए ''जीवनधारा वरिष्ठ सुरक्षित ऋण'' बांटने की शुरुआत होगी। मौजूदा सरकार में 18,377 लाभार्थियों को 272 करोड़ रुपये के ऋण दिए जा चुके हैं इनमें लगभग 80 प्रतिशत महिलाएं थीं।

निगम दिसंबर के आखिरी हफ्ते में पलक्कड़ फोर्ट मैदान में सात दिन की प्रदर्शनी भी लगाएगा, जिससे लाभार्थियों को अपने उत्पाद दिखाने और बेचने का मौका मिलेगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्ग कल्याण मंत्री के ए तुलसी करेंगे, जबकि सामान्य शिक्षा और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री एन शमसुद्दीन अध्यक्षता करेंगे।

सांसद वी के श्रीकंदन मुख्य भाषण देंगे और नई योजनाओं के तहत ऋण बांटने की शुरुआत करेंगे। सांसद के राधाकृष्णन माइक्रो-क्रेडिट ऋण बांटेंगे, जबकि सांसद पी अब्दुस्समद समदानी शिक्षा ऋण बांटेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित