हरिद्वार , मई 16 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर शासन-प्रशासन की पहल अब अधिकारियों की कार्यशैली में भी दिखाई देने लगी है। इसी कड़ी में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार निखिल शर्मा शनिवार को अपने आवास से साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे और लोगों को पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
श्री शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जीवाश्म ईंधनों के न्यूनतम उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए गए आह्वान के बाद प्रदेश स्तर पर भी ईंधन बचत को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी लोगों से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा भी अधिकारियों को छोटी दूरी के लिए पैदल अथवा साइकिल का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया है। इसी पहल से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने स्वयं साइकिल से कार्यालय पहुंचकर ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने का प्रयास किया।
श्री शर्मा ने कहा कि छोटी दूरी के लिए साइकिल अथवा पैदल चलने की आदत न केवल प्रदूषण कम करने में सहायक है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित