अलवर , मई 15 -- राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोलियम पदार्थों का कम से कम उपयोग करने के आव्हान के बाद शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में बैटरी संचालित कार से पहुंचे।

हालांकि यह गाड़ी उनके किसी साथी की बताई जा रही है। आज दोपहर में अलवर रेलवे स्टेशन पर अलवर संसदीय क्षेत्र की कई विकास परियोजनाओं एवं रेलवे से संबंधित विकास कार्यों का घोषणा और शिलान्यास के लिए वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसको मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने संबोधित किया था।

हालांकि प्रधानमंत्री श्री मोदी के आग्रह का इतना असर दिखाई दिया कि इस कार्यक्रम में ज्यादा वाहनों का काफिला नहीं था। कार्यक्रम में शामिल विधायक अपने कार्यकर्ताओं के साथ आए थे। कोई अलग गाड़ी से नहीं आए थे। इस कार्यक्रम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ज्यादा से ज्यादा 10 गाड़ियां थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित