भदोही , जून 11 -- राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के सदस्य न्यायमूर्ति डॉ. अफरोज अहमद ने पर्यावरण संरक्षण के लिये जनसहभागिता पर जोर देते हुये साथ मिल कर काम करने की अपील की।
डा अहमद की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन एवं हरित विकास से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान डॉ. अहमद ने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से उपचारित जल का उपयोग पार्कों, उद्यानों एवं कृषि कार्यों में सिंचाई के लिये सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूजल स्तर को बनाए रखना समय की आवश्यकता है तथा औद्योगिक क्षेत्रों में भूजल की गुणवत्ता की नियमित जांच कराई जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर पानी के नमूनों की जांच कराने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान न्यायमूर्ति ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा बैठक का सुव्यवस्थित आयोजन किया गया है, तथा पिछली बैठक की तुलना में विभिन्न पर्यावरणीय कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन द्वारा किए गए कार्य सराहनीय हैं और उनमें सकारात्मक परिणाम परिलक्षित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा, "पर्यावरण हमारी अमूल्य विरासत है। इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए हम सभी को प्रतिबद्ध होकर कार्य करना होगा।" उन्होंने भदोही जनपद में पर्यावरण संरक्षण एवं जलाशयों के पुनर्जीवन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए जिलाधिकारी शैलेष कुमार को बधाई दी।
न्यायमूर्ति ने कहा कि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को अपने खेतों की मेड़ों पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व की अपेक्षा नदियों, जंगलों एवं प्राकृतिक संसाधनों में कमी आई है, जिसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वृक्षारोपण, प्लास्टिक उन्मूलन एवं हरित विकास से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वि0 रा0 शुभांगी शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष कुमार चक, प्रभागीय वनाधिकारी विवेक यादव, जिला परियोजना अधिकारी सपना अवस्थी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित