पटना , मई 30 -- बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद् एवं बिहार ओलम्पिक एसोसिएशन के सहयोग से शनिवार की सुबह 'पर्यावरण के लिए पदयात्रा' का आयोजन के लिए पदयात्रा' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा ध्वनि एवं वायु प्रदूषण के प्रति आम लोगों, विशेषकर युवाओं में जागरूकता बढ़ाना और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना था।
सुबह 6 बजे ऐतिहासिक गांधी मैदान के गेट संख्या-1 से शुरू हुई यह पदयात्रा आयकर गोलंबर तक जाकर फिर गांधी मैदान पहुंची। पदयात्रा के माध्यम से लोगों को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा नागरिक समूहों से जुड़े करीब 600 छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद् के अध्यक्ष डॉ. डी.के. शुक्ला ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत हमारी दैनिक जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलावों से हो सकती है। उन्होंने लोगों से छोटी दूरी के लिए पैदल चलने अथवा साइकिल का उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण के बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित