भीलवाड़ा , सितम्बर 09 -- राजस्थान में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से भीलवाड़ा साइकिल क्लब की ओर से चलाए जा रहे अभियान का बुधवार को अनूठा नजारा देखने को मिला।

मंगलवार को आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के बाद बुधवार को क्लब के अधिकतर सदस्य अपने-अपने मतदान केंद्रों पर साइकिल से पहुंचे और मतदान किया।

साइकिल क्लब प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने बताया कि सदस्यों ने मतदान केंद्र आने के लिये साइकिल का उपयोग करके स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया। मतदान के बाद सदस्यों ने उंगली पर लगी स्याही के निशान के साथ साइकिल सहित सेल्फी ली और उसे अपने-अपने ग्रुप एवं सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि आमतौर पर लोग मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए दुपहिया और चारपहिया वाहनों का उपयोग करते हैं। इसके विपरीत साइकिल क्लब के सदस्य साइकिल से मतदान केंद्र पहुंचे। साइकिल के साथ मतदान केंद्र पहुंचने का यह दृश्य लोगों के लिए आकर्षण के साथ-साथ प्रेरणा का विषय भी बना।

अभियान के जरिए क्लब सदस्यों ने मतदान के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को जोड़ते हुए नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित