पटना , मई 08 -- बिहार सरकार में नवनियुक्त पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग राज्य के विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

डॉ रामचंद्र प्रसाद ने आज पर्यावरण मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया। विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर ने उनका स्वागत किया और विभागीय कार्यों की जानकारी दी।

मंत्री श्री प्रसाद ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि राज्य सरकार ने उन्हें एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिसका वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग राज्य के विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पूर्व में कई उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं और आने वाले समय में भी अनेक योजनाओं एवं पहलों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

इस दौरान मंत्री ने विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन और जलवायु परिवर्तन से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के साथ कार्य करने की बात कही।

मौके पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) अरविंदर सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक प्रभात कुमार गुप्ता, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन डी.के. शुक्ला, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक अभय कुमार, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (कैम्पा) सुरेंद्र कुमार सिंह, मुख्य वन्य संरक्षक (आईटी) एस. चंद्रशेखर, विशेष सचिव आलोक कुमार, सत्यजीत कुमार, वन संरक्षक (मुख्यालय), पटना जू के निदेशक हेमंत पाटिल सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित