डेहरी आन सोन , जुलाई 20 -- बिहार में रोहतास जिले के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने सोमवार को कहा कि ऐतिहासिक रोहतासगढ़ किले एवं पहाड़ी गांवों के विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा पहाड़ी क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ किया जायेगाlजिलाधिकारी श्री मिश्र तथा पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने कल देर शाम इस कर से संबंधित स्थलीय जायजा लिया थाl इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के क्रम में रोहतासगढ़ पंचायत भवन के पास स्थित नवनिर्मित अतिथि गृह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में पर्यटन विकास, सड़क संपर्क, विद्युत एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण तथा स्थानीय लोगों के लिए आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
श्री मिश्र ने इस दौरान रोहतासगढ़ किला परिसर में स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के कर्मा वृक्ष के संरक्षण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण हमारी प्राथमिकता है। इस दौरान ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन करने के निर्देश जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को दिए गये। साथ ही रोहतासगढ़ रोपवे परियोजना की गुणवत्ता, निर्माण मानकों एवं कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में पहाड़ी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोलर प्लांट की स्थापना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पहाड़ी गांवों में बिजली पहुंचाने की योजना पर भी मंथन किया गया तथा बताया गया कि वन विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त होने के तुरंत बाद संबंधित कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि रेहल से चौरासन मंदिर तक प्रस्तावित सड़क निर्माण में आ रही प्रशासनिक एवं तकनीकी बाधाओं को शीघ्र दूर कर परियोजना को गति प्रदान की जाएगी। चौरासन मंदिर के क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत कर आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से रेलिंग लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मंदिर परिसर के समीप लोगों की सुविधा के लिए शौचालय का निर्माण कराने का भी निर्णय लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित