देहरादून , मार्च 18 -- उत्तराखंड में पर्यटन सीजन से पूर्व देहरादून मसूरी मार्ग पर एक और अतिरिक्त वैली ब्रिज निर्माण की तैयारी की जा रही है।

इस संबंध में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को देहरादून के न्यू कैंट रोड स्थित कैंप कार्यालय में आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए ब्रिज को लेकर वन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।

इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

श्री जोशी ने प्रस्तावित नए पुल के निर्माण से पूर्व अस्थायी (टेंपरेरी) वैली ब्रिज के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य में अप्रैल से पर्यटन सीजन प्रारंभ होने जा रहा है, ऐसे में देहरादून-मसूरी मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ेगा। इसलिए समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोक निर्माण विभाग एवं वन विभाग आपसी समन्वय बनाते हुए शीघ्र ही एक अतिरिक्त टेंपरेरी वैली ब्रिज का निर्माण कार्य प्रारंभ करें, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित