नैनीताल , मार्च 30 -- आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम में सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने सोमवार को कैंची धाम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में दुरुस्त कर ली जाएं ताकि स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एडीजी ने यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने, नो-पार्किंग जोन चिन्हित करने और जाम की स्थिति से बचाव के उपाय करने के निर्देश दिए। साथ ही चिन्हित पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय और साइनबोर्ड जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।

श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए पार्किंग स्थलों से मंदिर तक शटल सेवा को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया ताकि मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके। इसके अलावा निर्माणाधीन पार्किंग और बाईपास मार्ग के कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश भी दिए।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से मंदिर परिसर और संवेदनशील स्थानों पर उन्नत सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी बढ़ाने और बेहतर सार्वजनिक तंत्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित