वाराणसी , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने आध्यात्मिक नगरी वाराणसी में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की मंगला आरती के साथ 'काशी हेरिटेज वॉक' का शुभारंभ किया। यह आयोजन चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिले में पर्यटन को नई गति देने के लिए तीन प्रकार की हेरिटेज वॉक शुरू की गई हैं। 'दिव्य काशी हेरिटेज वॉक' तथा 'असि काशी हेरिटेज वॉक' का प्रारंभ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, चौक गेट नंबर-04 से प्रातः 2:20 बजे मंगला आरती के साथ होगा, जबकि 'ओल्ड काशी हेरिटेज वॉक' का प्रारंभ राजेंद्र प्रसाद घाट से अपराह्न 4:00 बजे किया जाएगा।
इन हेरिटेज वॉक का आयोजन प्रतिदिन किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन 30 से 40 पर्यटक एवं श्रद्धालु शामिल हो सकेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से काशी की आध्यात्मिक धरोहर, संस्कृति, इतिहास एवं परंपराओं को पर्यटकों तक विस्तार से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
शुभारंभ समारोह में पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार ने अधिक से अधिक लोगों से हेरिटेज वॉक एवं काशी दर्शन बस सेवा में भाग लेने का आह्वान किया। प्रथम 'दिव्य काशी हेरिटेज वॉक' में लगभग 30 श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों ने भाग लिया।
पर्यटन विभाग के अनुसार हेरिटेज वॉक तथा काशी दर्शन बस सेवा से संबंधित जानकारी एवं बुकिंग निर्धारित वेबसाइट्स के माध्यम से की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित