पटना , मई 21 -- र्यटन मंत्रालय की ओर से आयोजित 'पर्यटक आंकड़ा सर्वे प्रशिक्षण कार्यक्रम' के अंतर्गत पर्यटन विभाग के सभी पर्यटन सूचना अधिकारियों को गुरुवार को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को पर्यटकों के आंकड़ों के संकलन, रिकॉर्डिंग व डाटा प्रबंधन से संबंधित जानकारियां दी गई। पर्यटन निदेशालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विशेष सचिव सह पर्यटन निदेशक उदयन मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े न सिर्फ पर्यटन विकास की रणनीति तय करने में सहायक होंगे, बल्कि स्थानीय संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने, योजना निर्माण और उनके क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
प्रशिक्षण सत्र में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की उपनिदेशक सौम्या मिश्रा और सहायक निदेशक सुनील देवे ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने पर्यटक आंकड़ों के संकलन, डिजिटल रिकॉर्डिंग प्रणाली, डाटा प्रमाणिकता, गोपनीयता मानकों, फील्ड सर्वे की चुनौतियों, त्रुटिरहित एंट्री और रिपोर्टिंग फॉर्मेट के मानकीकरण पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
विभाग के संयुक्त निदेशक राजेश रोशन ने कहा कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल और मानकीकृत डाटा संग्रहण व्यवस्था बिहार में पर्यटन के सतत एवं संयोजित विकास में निर्णायक साबित होगी। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही प्रशिक्षित अधिकारियों के मार्गदर्शन में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर व्यापक सर्वेक्षण किया जाएगा। इन आंकड़ों के आधार पर भविष्य में प्रचार-प्रसार, आधारभूत संरचना विकास और नीति-निर्धारण जैसे कार्य किए जाएंगे।कार्यक्रम में उप सचिव नेहा कुमारी, सहायक निदेशक केशरी कुमार सहित पर्यटन निदेशालय और विभिन्न पर्यटन सूचना केंद्रों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित