तिरुवनंतपुरम , जून 05 -- केरल के पर्यटन मंत्री पीसी विष्णुनाथ ने सार्वजनिक-निजी सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा है कि पर्यटन केरल के सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक क्षेत्रों में से एक बनकर उभरा है और वैश्विक बाजार में इसकी प्रतिस्पर्धात्मकता बनाये रखने के लिए निरंतर नीतिगत समर्थन की आवश्यकता है।

उन्होंने यहां 'द लीला कोवलम' में 'ग्लोबल ट्रैवल मार्केट (जीटीएम) 2026' के दूसरे आयोजन और 'मेट्रो एक्सपीडिशन-जीटीएम टूरिज्म अवार्ड्स 2026' का उद्घाटन करने के बाद विभिन्न संस्थानों को सम्मानित किया। इस मौके पर श्री विष्णुनाथ ने कहा है कि केरल बेहतर आतिथ्य मानकों, सतत अभ्यासों और सरकार तथा निजी क्षेत्र के बीच बेहतर सहयोग से अपनी वैश्विक स्तर पर प्रशंसित जिम्मेदार पर्यटन पहलों को मजबूत और विस्तारित करेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि राज्य सरकार पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने की लंबे समय से लंबित मांग पर सक्रियता से विचार कर रही है और आगामी राज्य बजट में इस पर उचित ध्यान दिया जायेगा।

जीटीएम 2026 का आयोजन 'केरल पर्यटन' और 'भारत पर्यटन' के सहयोग से साउथ केरल होटलियर्स फोरम (एसकेएचएफ), तिरुवनंतपुरम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (टीसीसीआई), थावस वेंचर्स और मेट्रो मार्ट की ओर से किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान श्री विष्णुनाथ ने 'मेट्रो एक्सपीडिशन-जीटीएम टूरिज्म अवार्ड्स 2026' प्रदान किये। आंध्र प्रदेश पर्यटन को डेस्टिनेशन ब्रांडिंग, पर्यटन संवर्धन, सांस्कृतिक विरासत संरक्षण और समग्र पर्यटन विकास में उसकी उपलब्धियों के लिए 'सर्वश्रेष्ठ पर्यटन संवर्धन राज्य पुरस्कार' मिला। यह पुरस्कार आंध्र प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री कंडुला दुर्गेश ने प्राप्त किया।

आतिथ्य और पर्यटन उद्योग में उनके विशिष्ट योगदान के सम्मान में यूडीएस होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राजशेखरन नायर को 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' से नवाजा गया। 'द लीला राविज कोवलम' ने 'एक्सीलेंस इन लग्जरी हॉस्पिटैलिटी' श्रेणी में उद्घाटन पुरस्कार जीता, जबकि केरल वित्तीय निगम को 'पर्यटन तथा आतिथ्य विकास के लिए वित्तीय सेवाओं में उत्कृष्टता' का पुरस्कार मिला। मंत्री ने 'मेट्रो एक्सपीडिशन' पत्रिका के नवीनतम संस्करण का विमोचन भी किया और इसकी पहली प्रति कंडुला दुर्गेश को सौंपी।

विधायक वी. मुरलीधरन ने जीटीएम निर्देशिका का विमोचन किया और इसे आंध्र प्रदेश सरकार के विशेष मुख्य सचिव अजय जैन (आईएएस) को भेंट किया। जीटीएम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिजी नायर ने कहा कि इस कार्यक्रम को दक्षिण केरल को एक प्रमुख पर्यटन और व्यावसायिक गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए तैयार किया गया है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों में टीसीसीआई अध्यक्ष एसएन रघुचंद्रन नायर, एसकेएचएफ अध्यक्ष एमआर नारायणन, एसकेएचएफ उपाध्यक्ष सिसुपालन सागर, एसकेएचएफ के सचिव प्रसाद मंजली, केरल पर्यटन उद्योग परिसंघ अध्यक्ष ईएम नजीब और सोमाथीरम आयुर्वेद ग्रुप के बेबी मैथ्यू शामिल थे।

इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नेय्याट्टिनकारा में अमराविली के पास गोल्डन पैलेस कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 'ग्लोबल ट्रैवल मार्ट एक्सपो 2026' है, जहां भारत और विदेशों के 1,000 से अधिक टूर ऑपरेटर पर्यटन उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस एक्सपो ने 1,000 से अधिक घरेलू व अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और लगभग 300 कॉर्पोरेट खरीदारों को भी आकर्षित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित