पटना , अगस्त 19 -- पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बुधवार को गर्दनीबाग, पटना स्थित 'बापू टावर' संग्रहालय का भ्रमण एवं विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान बापू टावर के निदेशक विनय कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

अवलोकन के दौरान निदेशक ने मंत्री को बापू टावर की वास्तुकला, निर्माण और टावर में विभिन्न दीर्घाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बापू टावर महात्मा गांधी के विचारों, उनके जीवन दर्शन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और बिहार से उनके ऐतिहासिक जुड़ाव को जीवंत रूप में प्रदर्शित करने का एक अभूतपूर्व केंद्र है।

मंत्री ने बताया कि बापू टावर में महात्मा गांधी जी के जीवन, उनके विचारों, संघर्षों एवं देश के स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को जानने और समझने का अवसर मिला। बापू टावर में गांधी जी के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को देखकर उनके आदर्शों, सत्य और अहिंसा के संदेश को और करीब से समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह स्थान नई पीढ़ी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के जीवन और विचारों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित