तिरुवनंतपुरम , सितंबर 27 -- केरलम अपने पर्यटन क्षेत्र को बदलने और सहज, समावेशी एवं टिकाऊ यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा अत्याधुनिक डिजिटल प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल करेगा।

पर्यटन, संस्कृति और सिनेमा मंत्री पीसी विष्णुनाथ ने विश्व पर्यटन दिवस 2026 के अवसर पर दिये संदेश में कहा कि पर्यटकों की बदलती मांगों और प्राथमिकताओं को पूरा करने के लिए केरलम ने पहले ही अपने पर्यटन क्षेत्र को एआई और डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र से जोड़ना शुरू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष की थीम "पर्यटन को पुनर्गठित करने के लिए डिजिटल एजेंडा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता" है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित 'केरलम पर्यटन' ने राज्य को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने के लिए प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक, लगातार नवीन संचार माध्यमों को अपनाया है।

श्री विष्णुनाथ ने कहा, "पर्यटकों को विविध सौगात देने का वादा करते हुए केरलम एक अंतरराष्ट्रीय अनुभवात्मक गंतव्य के रूप में उभरने की अपनी अपार संभावनाओं का दोहन करने के लिए पर्यटन क्षेत्र को नया आकार दे रहा है।

उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य अलग-अलग स्थानों पर केंद्रित पैकेजों के माध्यम से केवल व्यक्तिगत स्थलों और उत्पादों का प्रचार करने के बजाय पर्यटकों को पूरे केरलम का समग्र अनुभव प्रदान करना है। इस एकीकृत पर्यटन अनुभव को प्राप्त करने में बाधा रहित संचार और सूचना तथा सेवाओं तक आसान पहुंच महत्वपूर्ण होगी। नयी प्रौद्योगिकियां बुकिंग और भुगतान से लेकर अतिथि संबंधों तक, यात्रा और आतिथ्य सेवाओं की पूरी शृंखला को अधिक सुविधाजनक बना सकती हैं।

मंत्री ने कहा कि पर्यटन विभाग ने हितधारकों के सहयोग से पहले ही उन तरीकों की तलाश शुरू कर दी है, जिनसे एआई पर्यटन क्षेत्र को अधिक स्मार्ट, समावेशी और टिकाऊ बना सकता है। उन्होंने कहा, "यह अत्यधिक प्रतिस्पर्धी घरेलू और वैश्विक परिदृश्य में राज्य की पर्यटन गतिविधियों को गति और विस्तार प्रदान करेगा।"श्री विष्णुनाथ ने कहा कि आगामी पर्यटन नीति ऐसी पहलों पर अधिक जोर देगी, जबकि पर्यटन क्षेत्र को उद्योग का दर्जा देने का सरकार का फैसला इस बदलाव को तेजी प्रदान करने में मदद करेगा। सरकार पर्यटन सेवाओं के कुशल और त्वरित वितरण के लिए स्मार्ट समाधान विकसित करने को लेकर केरलम के मजबूत स्टार्टअप और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र का लाभ उठायेगी तथा पर्यटन स्टार्टअपों को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम भी शुरू करेगी।

उन्होंने उद्योगपतियों से फंडिंग और मार्गदर्शन से युवा इनोवेटरों का समर्थन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलों से पर्यटन क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों और बुनियादी ढांचे के प्रबंधन में सुधार लाने तथा यह सुनिश्चित करने के लिए एआई व अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों का उपयोग किया जा सकता है कि यात्रा और आतिथ्य सेवाएं सर्वोत्तम प्रबंधन अभ्यासों और वैश्विक मानकों का पालन करें।

मंत्री ने पर्यटन तक बाधा रहित पहुंच के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि पर्यटन विभाग ने गृह आवास को अपनी गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रौद्योगिकी-संचालित प्रबंधन अभ्यासों को अपनाने में मदद करने के उद्देश्य से पहले ही एक कार्यक्रम तैयार किया है। उन्होंने कहा कि टिकाऊपन और समावेशिता केरलम में पर्यटन विकास के मुख्य आदर्श बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन पारिस्थितिकी तंत्र को अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों के साथ जोड़ने से पर्यटकों का अनुभव बेहतर होगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

श्री विष्णुनाथ ने कहा कि यह बदलाव यह भी सुनिश्चित करेगा कि जमीनी स्तर के सेवा प्रदाता पीछे न छूटें। राज्य की वैश्विक स्तर पर सराही गयी उत्तरदायी पर्यटन पहल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह जन-संचालित आंदोलन के रूप में विकसित हुई है, जिसमें स्थानीय समुदाय वास्तविक पर्यटन अनुभव बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित