ऋषिकेश , जनवरी 29 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में मानवता, साहस और त्वरित निर्णय क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बीते दिनों गंगा में एक पर्यटक की जान बचाने वाले युवा विपिन शर्मा का गुरुवार को रेड राइडर्स ग्रुप द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।

रेड राइडर्स के संरक्षक जयेंद्र रमोला ने कहा कि विपिन शर्मा के इस सराहनीय कार्य से न केवल एक अनमोल जीवन बचा, बल्कि ऋषिकेश की सकारात्मक छवि और गौरव बढ़ा है। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान एक पर्यटक गंभीर संकट में फंस गया था। ऐसे नाजुक समय में विपिन शर्मा ने बिना समय गंवाए अपनी सूझबूझ, साहस और तेज निर्णय क्षमता का परिचय दिया, जिससे पर्यटक को सुरक्षित बचा लिया गया। सम्मान समारोह के दौरान रेड राइडर्स ग्रुप के सदस्यों ने विपिन शर्मा का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनके साहसिक कार्य की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि विपिन शर्मा जैसे युवा आज के समाज की वास्तविक ताकत हैं, जो न केवल अपने भविष्य के प्रति सजग हैं, बल्कि समाज और मानवता के प्रति भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित