भरतपुर , मार्च 21 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में सफारी पर गये पर्यटक उस समय रोमांचित हो उठे, जब उन्होंने अपनी आंखों के सामने एक तेंदुए को अपने वजन से दोगुने भारी चीतल का शिकार करते हुए देखा।

इस दौरान पर्यटकों के साथ मौजूद गाइड ने शनिवार को बताया कि बाघ अभयारण्य में सोलेश्वर तिराहे पर जैसे ही पर्यटकों का वाहन पहुंचा, तो उन्हें वहां चीतल बैठा हुआ नजर आया।

इसी बीच, शिकार के लिए घात लगाये बैठे तेंदुए ने अचानक झाड़ियों से निकल कर चीतल को गर्दन से पकड़कर अपने दांत गड़ा दिये। शिकार के दम तोड़ने तक तेंदुआ चीतल की गर्दन जकड़े रहा। यह दृश्य देखकर पर्यटक बहुत रोमांचित हो उठे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित