वाराणसी , अगस्त 10 -- महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सोमवार को स्नातक सेमेस्टर परीक्षा के परिणाम में विसंगतियों को लेकर छात्रों ने प्रशासनिक भवन के बाहर प्रदर्शन कर धरना दिया।

छात्र नेता शिवम यादव ने आरोप लगाया कि स्नातक सेमेस्टर परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्रों को अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया है, जबकि कई छात्रों को परिणाम में अनुपस्थित दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायत करने पर प्रशासन की ओर से बताया जाता है कि परिणाम ओएमआर शीट में दर्ज विवरण के आधार पर तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि ओएमआर शीट में छात्र अपना अनुक्रमांक (रोल नंबर) एवं अन्य आवश्यक जानकारियां भरते हैं। साथ ही रोल नंबर को अंकों में दर्ज करने का भी प्रावधान है। उनका आरोप है कि अगर ओएमआर शीट की स्कैनिंग में तकनीकी त्रुटियों के कारण परिणाम में गड़बड़ियां हो रही हैं, तो उसको ठीक किया जाए।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए तथा जिन छात्रों के परिणाम में त्रुटियां हैं, उन्हें तत्काल संशोधित कर सही परिणाम जारी किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित