ऋषिकेश , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड में परीक्षा परिणामों में लगातार सामने आ रही त्रुटियों के विरोध में गुरुवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के नेतृत्व में ऋषिकेश स्थित कॉलेज परिसर में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने प्रशासनिक भवन में तालाबंदी कर दी, जिससे परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र हुए और परीक्षा परिणामों में सुधार की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि बार-बार हो रही त्रुटियों से उनके भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है लेकिन प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान कुछ छात्रों को बलपूर्वक परिसर से बाहर किया गया और कई को थाने ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस की इस कार्रवाई से छात्रों में आक्रोश और अधिक बढ़ गया।

घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव और छात्रसंघ महासचिव अभिषेक कुमार त्रिसूलिया ने कहा कि परीक्षा परिणामों में लगातार हो रही त्रुटियां पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और यह छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करार दिया।

वहीं छात्रसंघ उपाध्यक्ष आयुष तड़ियाल और छात्र नेता मानव रावत ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सभी त्रुटियों को ठीक कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है तथा पूरे कॉलेज परिसर में व्यापक तालाबंदी की जाएगी।

छात्र नेताओं के अनुसार, बीते कई वर्षों से परीक्षा परिणामों में सुधार को लेकर निदेशक और परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन दिए जा चुके हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

प्रदर्शन के दौरान मानसी सती, रहन बंदोलिया, आर्यन भारती, गौरव जोशी, सुहानी, सृष्टि, शिवानी, इशांत, दीपक साहनी, अतुल, सुंदर, अखिल गुलियाल, आशीष, भव्या, अक्षय कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित