भीलवाड़ा , फरवरी 20 -- राजस्थान में भीलवाड़ा शहर के एमएलवी राजकीय महाविद्यालय में परीक्षा देने आई एक छात्रा से नशे की हालत में अभद्रता करने के आरोपी भूगोल के प्रोफेसर राजेंद्र सिंह यादव को राज्य सरकार ने निलम्बित कर दिया है और मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कॉलेज आयुक्त डॉ. ओमप्रकाश बैरवा ने निलंबन आदेश जारी किए। आदेश में उल्लेख किया गया है कि प्रोफेसर राजेंद्र सिंह यादव ने नशे में छात्रा के साथ गंभीर अभद्रता एवं दुर्व्यवहार किया। इस कृत्य को सेवा नियमों का उल्लंघन मानते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

आदेश के अनुसार, विभागीय जांच लंबित रखते हुए राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान यादव का मुख्यालय कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय, जयपुर रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित