हाजीपुर , मई 24 -- परीक्षार्थियों/यात्रियों को सुविधाजनक रेल सेवा मुहैया कराने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत पूर्व मध्य रेल की ओर से रविवार को सभी प्रमुख स्टेशनों के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया । पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया किपरीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए कल 23.05.2026 को 17.00 बजे मुजफ्फरपुर से पाटलिपुत्र के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया गया था। इसी तरह दोनों पाली की परीक्षाओं को देखते हुए उसी के अनुरूप आज परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए 03 रेक तैयार रखे गए थे । इनमें से एक परीक्षा स्पेशल दरभंगा से पाटलिपुत्र के लिए 14.15 बजे खुली जबकि मुजफ्फरपुर से पाटलिपुत्र के लिए क्रमशः 15.00 बजे और 18.15 बजे 02 परीक्षा स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया गया ।

श्री चन्द्र ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन के साथ-साथ क्राउड मैनेजमेंट के मद्देनजर वार रूम को विशेष रूप से सक्रिय किया गया। उन्होंने बताया कि स्टेशनों पर आरपीएफ की तैनाती की गयी तथा परीक्षार्थियों/यात्रियों को ट्रेनों के परिचालन से जुड़ी रियल टाइम सूचना उद्घोषणा प्रणाली द्वारा उपलब्ध करायी गयी । गर्मी को देखते हुए स्टेशनों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था की गयी थी ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित