पटना , मई 26 -- बिहार सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र ने अधिकाररियों को निर्देश दिए कि परीक्षाओं से संबंधित प्रशासनिक एवं तकनीकी तंत्र को और अधिक मजबूत किया जाए, जिससे अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं सुचारु परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशों के आलोक में आज राज्य के विभिन्न नियुक्ति एवं चयन आयोगों के अध्यक्षों, सचिवों एवं सदस्य सचिवों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र ने की।

बैठक में अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन में उच्चतम स्तर की पारदर्शिता, समयबद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए तथा पूरी प्रणाली को अधिक उत्तरदायी और मजबूत बनाया जाए।

बैठक में राज्य में आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं के सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित संचालन पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही परीक्षा आयोजन की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम बनाने के लिए आयोगों से सुझाव प्राप्त किए गए।

इस समीक्षा बैठक में बिहार लोक सेवा आयोग, बिहार तकनीकी सेवा आयोग और बिहार कर्मचारी चयन आयोग सहित अन्य आयोगों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्राप्त सुझावों के आधार पर आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन के लिए आवश्यक सुधारात्मक एवं संस्थागत कदम उठाने पर सहमति व्यक्त की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित