टिहरी , मई, 16 -- त्तराखंड के टिहरी में परिवार दिवस के अवसर पर 'एसओएस चिल्ड्रेन्स विलेजेज इंडिया' द्वारा शनिवार को बौराड़ी में डिजिटल लर्निंग सेंटर (डीएलसी) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति अध्यक्ष ऋषि कुमार और जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पंवार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

डिजिटल लर्निंग सेंटर का उद्देश्य वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों और युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा एवं डिजिटल साक्षरता से जोड़ना है। प्रथम बैच में 40 बच्चों एवं युवाओं का नामांकन किया गया है, जिन्हें आधुनिक डिजिटल कौशल का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। संस्था द्वारा विशेष रूप से कमजोर एवं संवेदनशील वर्ग के बच्चों को प्राथमिकता दी जा रही है।

संस्था वर्तमान में बौराड़ी क्षेत्र के छह क्लस्टरों-केमसारी टिन शेड, पीपली गांव, निर्मल आवास, जसपुर गांव, मुस्लिम मोहल्ला और बाल्मीकि बस्ती-में कार्य कर रही है तथा लगभग 350 बच्चों तक अपनी सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

डिजिटल लर्निंग सेंटर के उद्घाटन के बाद परिवार दिवस कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें करीब 150 बच्चों और अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल साक्षरता बेहद आवश्यक हो गई है और यह पहल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानकर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित