चंडीगढ़ , सितंबर 11 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने पंजाब के संगरूर के दलित श्रमिक गुलजार सिंह की मौत और परिजनों की सहमति के बिना कथित रूप से अंतिम संस्कार कराए जाने के मामले को गंभीर बताया है। उन्होंने पंजाब सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध न्यायिक जांच कराने की मांग की है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि परिवार का आरोप है कि अंतिम संस्कार से पहले उन्हें गुलजार सिंह का चेहरा तक नहीं देखने दिया गया और न ही उनका सामान सौंपा गया। यदि ये आरोप सही हैं तो यह मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक न्याय और शोकाकुल परिवार की गरिमा का गंभीर उल्लंघन है। किसी भी परिस्थिति में प्रशासन को कानून और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए परिवार को विश्वास में लेना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि गुलजार सिंह की मौत की परिस्थितियों, परिवार द्वारा लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों और कथित जबरन अंतिम संस्कार की निष्पक्ष जांच जरूरी है। जांच के दौरान सभी डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या अन्य लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित