पटना , मार्च 08 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने रविवार को आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार परिवारवादी राजनीति पर जो बड़ी-बड़ी बातें किया करते थे, वह सिर्फ ढकसोला थी । श्री अहमद ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार को अपने पुत्र निशांत कुमार को स्थापित करने के लिए मौके की तलाश थी।इस बार उन्होंने अपने पुत्र को स्थापित करने के लिए खुद को राज्यसभा सदस्य का उम्मीदवार बना लिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)से कुछ शर्तों के साथ समझौता करके विरासत की राजनीति को आगे बढ़ा दिया।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि जिस तरह से निशांत कुमार को तरह-तरह के पोस्टर बैनर के साथ-साथ हाथी, घोड़ा , ऊंट और बैंड बाजे के सहारे राजनीति में लाया गया है, उससे श्री कुमार की राजनीतिक सोच का पता चलता है। मुख्यमंत्री का यह कदम बताता है कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) जिस परिवारवादी राजनीति की व्याख्या नीतीश कुमार के माध्यम से प्रस्तुत करती थी, वह पूरी तरह से खोखली थी। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि भारतीय जनता पार्टी को नीतीश कुमार को किनारे करना था और नीतीश कुमार की मंशा अपने पुत्र को स्थापित करने की थी। दोनों ने एक दूसरे को मौका देखकर साधने की कोशिश की,लेकिन बिहार की जनता इसे देख रही है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के इस स्वार्थी परिवारवादी राजनीति को पूरी तरह से अस्वीकार कर देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित