जालौन , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में जुर्माना वसूली के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल के राजेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि 432.00 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 491.32 लाख रुपये की वसूली कर प्रदेश में सर्वाधिक जुर्माना वसूलने वाले अधिकारी का स्थान प्राप्त किया। प्रतिशत के आधार पर वे प्रदेश में द्वितीय स्थान पर रहे। मार्च 2026 में उन्होंने 36.00 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 54.32 लाख रुपये की वसूली कर 150.89 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया। साथ ही ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए लोकेशन माफियाओं पर एफआईआर दर्ज कराकर उन्हें जेल भिजवाया।
वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार ने भी उत्कृष्ट कार्य करते हुए 432.00 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 467.44 लाख रुपये की वसूली की। प्रतिशत के आधार पर वे प्रदेश में तृतीय स्थान पर रहे। मार्च माह में उन्होंने 46.38 लाख रुपये की वसूली कर 128.84 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया।
वहीं यात्रीकर/मालकर अधिकारी विनय कुमार पाण्डेय ने 360.00 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 363.97 लाख रुपये की वसूली कर लक्ष्य को पूरा किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित