श्रीगंगानगर , जून 16 -- राजस्थान में महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर द्वारा लाये गये नये परिणाम संशोधन नियम-2026 का विरोध करते हुए श्रीगंगानगर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) कार्यकर्ताओं और छात्रों ने सेठ गिरधारीलाल बिहाणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में मंगलवार को प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष ईशानवीर मान ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का यह नया नियम पूरी तरह गलत है। इसे तुगलकी फरमान की तरह छात्रों पर थोप दिया गया है। उन्होंने बताया कि नये नियम के अनुसार स्नातक या स्नातकोत्तर परीक्षा में किसी भी विषय में पूरक आने पर छात्र आगामी कक्षा में प्रवेश नहीं ले पाएगा। उसे पूरक परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिये छह महीने इंतजार करना पड़ेगा। इससे हजारों छात्रों की डिग्री पूरी करने में दो तीन वर्ष की जगह पांच वर्ष लग जाएंगे। ईशानवीर मान ने कहा कि जब तक यह फरमान वापस नहीं लिया जाता हम विरोध-प्रदर्शन जारी रखेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री और विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस विवादित नियम को तुरंत वापस नहीं लिया तो जिलेभर में छात्र आंदोलन छेड़ दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित