श्रीगंगानगर , मई 02 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में शनिवार को पराली (सूखी तूडी) से लदी एक पिकअप गाड़ी में अचानक आग लगने से नकदी और जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पल्लू तहसील के लाखेरा गांव के पास नोहर से पल्लू की ओर जा रही पराली से भरी पिकअप वैन अचानक आग की चपेट में आ गई। सूखी पराली होने के कारण आग ने पलक झपकते ही विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जल गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पानी के टैंकरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था। वाहन मालिक ने बताया कि गाड़ी में करीब 40 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, अन्य जरूरी कागजात और सामान रखा था, जो आग में जलकर नष्ट हो गया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित