चंडीगढ़ , सितंबर 01 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य में धान की पराली जलाने की घटनाओं पर और प्रभावी ढंग से रोक लगाने के लिए गांव और ब्लॉक स्तर पर व्यापक सूचना एवं जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार के लगातार प्रयासों से 2023 से 2025 के बीच पराली जलाने की घटनाओं में 86 प्रतिशत की कमी आई है, लेकिन इस उपलब्धि को और आगे बढ़ाने की जरूरत है।
धान की पराली प्रबंधन रणनीति की समीक्षा के लिए मंगलवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष पंजाब में करीब 30 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती हुई है, जिससे लगभग 1.881 करोड़ टन पराली पैदा होने का अनुमान है।
श्री मान ने कहा कि पराली जलाने की घटनाएं 2023 में 36,663 से घटकर 2024 में 10,909 और 2025 में 5,114 रह गयीं। उन्होंने अधिकारियों को इस वर्ष इन घटनाओं में और कमी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और इसके वैकल्पिक प्रबंधन के बारे में जागरूक करने के लिए गांवों और ब्लॉकों में बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने एनजीओ, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पंचायतों और किसानों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि मशीनरी के प्रदर्शन, नुक्कड़ नाटक, सरपंचों के साथ बैठकें, शपथ ग्रहण कार्यक्रम और अन्य जागरूकता गतिविधियां व्यापक स्तर पर आयोजित की जायें, ताकि इसका संदेश किसानों तक सीधे पहुंचे।
श्री मान ने डिजिटल माध्यमों के जरिए भी बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने रेडियो जिंगल, प्रिंट मीडिया, टेलीविजन, मोबाइल एसएमएस, आउटडोर मीडिया और सोशल मीडिया का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रगतिशील किसानों, पंचायतों, प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) और अन्य संस्थाओं को सम्मानित करने की बात कही, ताकि दूसरे किसान भी पराली प्रबंधन के बेहतर तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने अधिकारियों से सभी विभागों और जिलों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने को कहा।
श्री मान ने एक्स-सीटू और इन-सीटू पराली प्रबंधन को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को पराली जलाने के व्यावहारिक और टिकाऊ विकल्प उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित