फगवाड़ा , सितंबर 30 -- पंजाब सरकार ने धान कटाई के 2026 सीजन के दौरान पराली जलाने की घटनाओं पर निगरानी बढ़ाने के लिए चिह्नित हॉटस्पॉट गांवों में ड्रोन तैनात करने के निर्देश दिये हैं।
फगवाड़ा के एसडीएम जसजीत सिंह ने बुधवार को सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि पिछले सीजन में पराली जलाने की अधिक घटनाओं वाले गांवों में प्राथमिकता के आधार पर ड्रोन निगरानी की जाएगी। सबसे अधिक प्रभावित गांवों में ड्रोन की अलग से व्यवस्था होगी, जबकि छोटे समूहों के लिए साझा ड्रोन कवरेज उपलब्ध कराया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि ड्रोन निगरानी विशेष रूप से अपराह्न तीन बजे से रात नौ बजे तक की जाएगी। ड्रोन से प्राप्त तस्वीरों और स्थान संबंधी जानकारी का पंजाब रिमोट सेंसिंग सेंटर (पीआरएससी), लुधियाना से मिलने वाले उपग्रह आंकड़ों के साथ वास्तविक समय में मिलान किया जाएगा। इसके बाद भूमि रिकॉर्ड की मदद से प्रभावित खेत और संबंधित भूमि मालिक की पहचान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि फगवाड़ा उपमंडल के सभी 215 गांवों में क्लस्टर समन्वयक और नोडल अधिकारी तैनात किये गये हैं। वे पटवारियों, पुलिस और दमकल विभाग के साथ मिलकर पराली जलाने की सूचनाओं का मौके पर सत्यापन करेंगे। प्रत्येक अधिकारी को करीब 20 गांवों का जिम्मा दिया गया है और समन्वय के लिए व्हाट्सऐप समूह भी बनाया गया है। जसजीत सिंह ने किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील करते हुए कहा कि इससे मिट्टी के पोषक तत्व और लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं। उन्होंने किसानों से फसल अवशेषों को खेत में मिलाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा सुपर सीडर, हैप्पी सीडर और बेलर जैसी मशीनों पर 50 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है और छोटेऔर सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित