धार , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के धार में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के प्रसिद्ध पराग स्वीट्स की मिठाई फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गुजिया में फंगस पाया गया। इसे मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए अधिकारियों ने दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

एसडीएम राजकुमार हदार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्रकरण तैयार किया है।

अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता और गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने कहा कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रतिष्ठान के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित