देहरादून , जुलाई 15 -- उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में नागरिक उड्डयन विभाग की समीक्षा बैठक कर प्रदेश में हवाई संपर्क सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उधमसिंह नगर स्थित पराग फार्म में राज्य की एविएशन एकेडमी स्थापित करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। इसके लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं और प्रशासनिक प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के भी निर्देश दिए।

श्री बर्द्धन ने कहा कि हमें प्रदेश में हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए हेलिपोर्ट और हेलीपैड का व्यापक नेटवर्क विकसित किए जाने की आवश्यकता है। ये हमारे जैसे प्रदेश के लिए लाइफलाइन साबित होंगे। उन्होंने कहा कि देहरादून को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को हवाई सेवा से जोड़ा जाए। उन्होंने पौड़ी जिले को भी नियमित हवाई सेवा से जोड़े जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लैंसडाउन उत्तराखण्ड के मुख्य हिल स्टेशनों में से एक है। जिसको हवाई कनेक्टिविटी से जोड़े जाने की संभावनाएं तलाशी जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपना पायलट ट्रेनिंग स्कूल तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि उधमसिंह नगर के पराग फार्म में एविएशन एकेडमी स्थापित की जाए। उन्होंने इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम के लिए एयर ट्रेफिक कंट्रोल शीघ्र स्थापित किए जाने के लिए आवश्यक सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाए। उन्होंने जानकारी दी कि एयर ट्रेफिक कंट्रोल स्थापित करने में सिविल वर्क राज्य सरकार एवं मैन पॉवर और तकनीकी सहायता एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हवाई सेवाओं का विस्तार हो रहा है, इसके लिए आवश्यक है कि प्रदेशभर में एयर ट्रेफिक कंट्रोल मैकेनिज्म स्थापित किया जाना चाहिए, ताकि हवाई यात्राएं सुरक्षित हो सकें। उन्होंने युकाडा को प्रदेशभर में एटीसी संतृप्ति का लक्ष्य देते हुए इस सम्बन्ध में एयरपोर्ट अथॉरिटी से लगातार सम्पर्क किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित