चंडीगढ़ , जनवरी 23 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पराक्रम दिवस के अवसर पर शुक्रवार को महान स्वतंत्रता सेनानी और आज़ाद हिंद फ़ौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री ने सेक्टर-3, चंडीगढ़ स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अपने पराक्रम, नेतृत्व और त्याग से देशवासियों में स्वतंत्रता की अलख जगायी। आज देशवासी खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं, यह नेताजी जैसे महान क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान का ही परिणाम है।

उन्होंने कहा कि नेताजी का साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान देश की आज़ादी के इतिहास में अविस्मरणीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी द्वारा दिखाये गये राष्ट्रसेवा, आत्मनिर्भरता और दृढ़ संकल्प के मार्ग पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि देश आत्मनिर्भरता, तकनीकी प्रगति और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नेताजी के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं और भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प को साकार करें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बसंत पंचमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी का पर्व ज्ञान, ऊर्जा और नवचेतना का प्रतीक है, जो हमें राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित